शाजापुर में लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री राकेश सिंह ने आज माँ राजराजेश्वरी मंदिर परिसर शाजापुर में लगभग 107 करोड़ रूपये लागत के कार्यों का भूमिपूजन किया। जिसमें शाजापुर शहरी क्षेत्र मार्ग (ओल्ड एन.एच.-3) लम्बाई 10.00 कि.मी. का फोरलेन निर्माण कार्य, चिल्लर नदी पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण कार्य सहित रामड़ी से आगखेड़ी व्हाया बेहटावल मार्ग लम्बाई 11.84 कि.मी. का निर्माण कार्य तथा भैसायानागिन से कांकरी मार्ग लम्बाई 4.49 कि.मी. का निर्माण कार्य शामिल हैं। जिनकी कुल लागत 10646.67 लाख रूपये है।
लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री राकेश सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज शाजापुर जिले में लगभग 107 करोड़ रूपये के कार्यों का भूमिपूजन हुआ है, जिससे जिले को विकास की नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि सड़के समृद्धि और जागृति दोनों लेकर आती हैं। पहले छोटी-छोटी सड़कों के लिए काफी संघर्ष करना पड़ता था, परन्तु वर्तमान में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में सतत विकास हो रहा है।
उन्होंने कहा कि जहाँ-जहाँ भी सड़के बनेंगी वहाँ पेड़ों को काटा नहीं जायेगा बल्कि सुरक्षित रूप से स्थानांतरित कर अन्य स्थान पर लगाया जायेगा। साथ ही प्रत्येक एक किलोमीटर पर रेनवॉटर रिचार्ज प्वाइंट बनाकर भूजल स्तर वृद्धि हेतु प्रभावी कार्यवाही की जायेगी।
लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री सिंह ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि गुणवत्तायुक्त कार्य करने वाले इंजीनियर्स एवं ठेकेदारों को सम्मानित किया जायेगा और गलत कार्य करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी।
विधायक श्री अरूण भीमावद ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश एवं केन्द्र सरकार द्वारा निरंतर विकास कार्य किये जाने से शाजापुर जिला तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में अन्य ग्रामों के लिए भी सड़कों की मांग प्रस्तुत की।
कार्यक्रम उपरांत लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री राकेश सिंह द्वारा लोक निर्माण विभाग शाजापुर में स्थापित संभाग स्तरीय गुणवत्ता नियंत्रण प्रयोगशाला का निरीक्षण किया गया, जहाँ उन्होंने बिटुमिनस, एग्रीगेट एवं कंक्रीट परीक्षण से संबंधित उन्नत उपकरणों एवं परीक्षण प्रक्रियाओं का अवलोकन किया तथा गुणवत्ता मॉनिटरिंग व्यवस्था की सराहना की।
इसके पश्चात लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री सिंह द्वारा ’लोक कल्याण सरोवर’, ग्राम मंडोदा का भी निरीक्षण किया गया। जहाँ उन्होंने जल संरक्षण कार्यों, कैचमेंट क्षेत्र प्रबंधन तथा समुदाय हित में किए जा रहे विकास कार्यों का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
इस अवसर पर सांसद श्री महेन्द्र सिंह सोलंकी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमराज सिंह सिसोदिया, कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना, पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह राजपूत, डॉ. रवि पाण्डे, नगरपालिका अध्यक्ष श्री प्रेम जैन, श्री योगेन्द्र सिंह जादौन (बंटी बना), श्री अशिष नागर, लोक निर्माण विभाग कार्यपालन यंत्री श्री हर्षवर्धन सिंह मुवेल सहित जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री सिंह ने लगभग 107 करोड़ रूपये लागत के कार्यों का भूमिपूजन

