Headlines

जनसुनवाई के निर्देशों की खुलेआम अवहेलना हो  रही है ।

ग्राम पंचायत ढाबला गोरी में मंगलवार को भी लटका रहा ताला

उज्जैन मध्य प्रदेश शासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु जिला, तहसील एवं ग्राम पंचायत स्तर पर प्रति मंगलवार जनसुनवाई आयोजित करने के स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं, लेकिन उज्जैन जनपद पंचायत घटिया के अंतर्गत ग्राम पंचायत ढाबला गोरी में इन निर्देशों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
मंगलवार को पंचायत भवन में अधिकारी या कर्मचारी मौजूद नहीं मिला, वहीं पंचायत भवन पर ताले लटके रहे। शासन की महत्वाकांक्षी जनसुनवाई योजना कागजों तक सीमित नजर आई, जबकि ग्रामीण अपनील समस्याएं लेकर पंचायत भवन के चक्कर काटते रहे।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत कई-कई दिनों तक खुलती ही नहीं है। जब ग्रामीण अपनी समस्याओं—जैसे आवास, पेंशन, राशन, नल-जल, सड़क, नामांतरण आदि—को लेकर पहुंचते हैं, तो उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब पंचायत ही बंद रहती है, तो वे अपनी फरियाद लेकर आखिर जाएं तो जाएं कहां? सूत्रों के अनुसार, ग्राम पंचायत के पदाधिकारी शासन के निर्देशों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, जिससे आमजन में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं जनपद पंचायत से तत्काल जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि शासन की जनसुनवाई योजना का वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुंच सके।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होगी या फिर जनसुनवाई यूं ही ताले में कैद रहेगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *