जिला प्रशासन गुना द्वारा उद्यानिकी विभाग के सहयोग से शास्त्री पार्क सब्जी मंडी में प्रत्येक रविवार प्रातः 9:00 बजे से आयोजित होने वाला ‘साप्ताहिक जैविक हाट बाजार’ उपभोक्ताओं और किसानों के बीच लगातार लोकप्रिय हो रहा है। ताज़े, शुद्ध और रसायन-मुक्त उत्पादों की उपलब्धता ने इसे जिले के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बना दिया है। रविवार को यह जैविक हाट बाजार पुनः आयोजित किया जा रहा है। इस बाजार में उद्यानिकी विभाग से जुड़े किसान अपनी ताज़ी जैविक सब्जियाँ, शुद्ध मसाले, ताज़े जैविक फल, पोलीहाउस में उत्पादित सब्जियाँ, गुलाब एवं अन्य उद्यानिकी उत्पाद लेकर उपलब्ध रहेंगे। उपभोक्ता एक ही स्थान पर विविध और विश्वसनीय जैविक उत्पाद खरीद सकेंगे।इस सप्ताह मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (SRLM) की महिलाएँ भी अपने घरेलू एवं पारंपरिक जैविक उत्पादों के साथ शामिल होंगी, जिससे बाजार में उत्पादों की विविधता और आकर्षण बढ़ेगा तथा महिला समूहों को सीधा बाजार उपलब्ध होगा।कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि यह साप्ताहिक पहल न केवल जैविक कृषि को प्रोत्साहित करती है बल्कि किसानों, महिलाओं और उपभोक्ताओं को एक ही मंच पर जोड़कर स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बनाती है।उप संचालक उद्यानिकी श्री केपीएस किरार ने कहा कि उद्यानिकी विभाग से जुड़े किसान उच्च गुणवत्ता के जैविक फल, सब्जियाँ, मसाले, फूल एवं अन्य उत्पाद तैयार कर रहे हैं, जिनकी मांग तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने अपील की कि नागरिक आज अधिक से अधिक संख्या में बाजार पहुँचकर स्थानीय किसानों का उत्साह बढ़ाएँ और जैविक उत्पाद अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दें।
गुना – जैविक उत्पादों के प्रति बढ़ रही जागरूकता, रविवार को फिर लगेगा साप्ताहिक ‘जैविक हाट बाजार’

