गुना जिले में HPV टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ।

एसडीएम गुना एवं जिला आयुष अधिकारी की पुत्री ने स्वयं टीकाकरण कराकर दिया जागरूकता का संदेश।

गुना।कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन में जिले में बालिकाओं को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर से सुरक्षित रखने हेतु HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। अभियान के अंतर्गत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को निःशुल्क HPV टीका लगाया जा रहा है।जागरूकता के संदेश को सशक्त बनाने आज एसडीएम गुना  शिवानी पांडे एवं जिला आयुष अधिकारी  जी.एस. गनावे की पुत्री ने स्वयं HPV का टीका लगवाकर समाज को प्रेरित किया। जिले में इस अभियान के लिए कुल 07 टीकाकरण केंद्र स्थापित किए गए हैं। यह पहल बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक कदम है।स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि HPV संक्रमण गर्भाशय ग्रीवा कैंसर का प्रमुख कारण है। यह टीका भारत सरकार द्वारा अनुमोदित, सुरक्षित एवं प्रभावी है तथा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार लगाया जा रहा है।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी दी कि HPV टीकाकरण से भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकेगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपनी बालिकाओं को टीकाकरण केंद्रों तक अवश्य लाएं।जिला टीकाकरण अधिकारी के अनुसार जिले की 07 स्वास्थ्य संस्थाओं—जिला अस्पताल गुना, सिविल अस्पताल आरोन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बमौरी, म्याना, बीनागंज, राधौगढ़ एवं कुंभराज—में प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक (शासकीय अवकाश दिवस को छोड़कर) HPV टीकाकरण किया जाएगा।जिले में 14 वर्ष आयु की किशोरियों की अनुमानित संख्या लगभग 16,000 है, जिन्हें टीकाकृत कर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *