
आज शिवपुरी कृषि विज्ञान केंद्र, शिवपुरी में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस एवं संविधान दिवस हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में कृषि छात्रों, कृषकों, पशुपालकों एवं स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के प्रारम्भ में भारत के संविधान की उद्देशिका का वाचन किया गया तथा नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों के निर्वहन की शपथ केंद्र के कार्यालय अधीक्षक सत्येन्द्र गुप्ता द्वारा दिलाई गई। राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर डॉ. नितिन मोहन गुप्ता, चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ, भेड़ प्रजनन प्रक्षेत्र शिवपुरी द्वारा पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन तकनीकों पर PowerPoint प्रस्तुति दी गई। उन्होंने आधुनिक पशु चिकित्सा पद्धतियों व दुग्ध उत्पादकता बढ़ाने के उपायों की जानकारी साझा की। ग्राम नोहरी के सफल युवा पशुपालक वीरू ओझा ने अपनी सफलता की प्रेरक कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि सेक्स सॉर्टेड सीमेन तकनीक से उत्पन्न साहिवाल व गिर नस्ल की उन्नत बछड़ियों से वे प्रतिदिन 110 लीटर दूध उत्पादन कर मासिक 75,000 रुपए तक का शुद्ध लाभ अर्जित कर रहे हैं। यह उदाहरण आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था और ग्रामीण पलायन रोकने के सफल मार्ग को दर्शाता है।इसके पश्चात वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं नोडल अधिकारी प्राकृतिक खेती डॉ. एम. के. भार्गव द्वारा आईएफएस, डेयरी, प्राकृतिक खेती, फसल विविधता संग्रहालय आदि प्रदर्शन इकाइयों का भ्रमण कराया गया तथा कृषकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।

