रितिक सोनगरा की खबर
उज्जैन। समस्त मानवता के सर्वांगीण कल्याण, विश्वशांति एवं मानव कल्याण के संकल्प के साथ श्रीक्षेत्र उज्जैन में सोमवार 5 जनवरी 2026 को ऐतिहासिक श्री भस्मलिंगार्चन समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह भव्य आध्यात्मिक आयोजन परमपूज्य गुरुजी के पावन मार्गदर्शन में समस्त सेवेकरी परिवार की सहभागिता से संपन्न होगा।
प्रेसवार्ता में आयोजनकर्ताओं ने बताया कि हिंदू धर्म परंपरा में अवंतिका (उज्जैन) नगरी का विशेष महत्व है। श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में ब्रह्ममुहूर्त में होने वाला भस्मलिंगार्चन, भस्म आरती एवं सामूहिक उपासना को अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है, जिससे भक्तों को आध्यात्मिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा एवं जीवन की कठिनाइयों पर विजय की शक्ति प्राप्त होती है।
इस अवसर पर भूपाली आरती, ऐतिहासिक भस्मलिंगार्चन, नैवेद्य आरती, साथ ही गुरुजी का हितग्रहण (आशीर्वचन) एवं प्रसाद वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे। देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं सेवेकरी इस पावन अवसर में सहभागी होंगे।
इसके साथ ही रविवार 4 जनवरी 2026 को श्रीक्षेत्र उज्जैन में श्री मंगल ग्रह विशेष अनुष्ठान का आयोजन भी किया जाएगा, जो मंगल दोष निवारण एवं व्यक्तिगत उन्नति के लिए लाभकारी रहेगा।
आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से इस ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक आयोजन में सहभागी होकर मानव कल्याण एवं सामाजिक समरसता के संदेश को सशक्त करने का आह्वान किया है।

