Headlines

क्रिसमस मिलन समारोह को लेकर कैथोलिक चर्च में प्रेस कॉन्फ्रेंस ।

रितिक सोनगरा रिपोर्ट

उज्जैन क्रिसमस पर्व की तैयारियों को लेकर कैथोलिक चर्च में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस अवसर पर धर्मगुरु आर्चबिशप डॉ. सेबेस्टियन वड़क्केल एवं फादर जोस पुल्लाटू पीआरओ, आर्चडायोसीस कैथोलिक चर्च ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि क्रिसमस पर्व प्रभु यीशु के प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का पर्व है। आर्चबिशप डॉ. सेबेस्टियन वड़क्केल ने बताया कि चर्च में प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव की तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं। पूरा ईसाई समुदाय इस पर्व को लेकर उत्साहित है। देवास रोड स्थित कैथोलिक चर्च में 24 दिसंबर को प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी, जिसके पश्चात रात 12 बजे प्रभु यीशु का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्रिसमस एक ऐसा पर्व है जो मानवता को गौरवान्वित करता है। प्रभु यीशु परमेश्वर के पुत्र हैं, जो मानव जाति को पाप की गुलामी से मुक्त कराने और स्वर्ग के द्वार सभी के लिए खोलने हेतु मनुष्य रूप में अवतरित हुए। तीसरी शताब्दी के महान ऋषि इरेनायस के शब्दों को उद्धृत करते हुए उन्होंने कहा— “ईश्वर की महिमा पूरी तरह से जीवित मनुष्य में प्रकट होती है।” आर्चबिशप ने कहा कि क्रिसमस प्रत्येक मनुष्य का सम्मान करने, जीवन की संस्कृति की रक्षा करने और हर बच्चे को—चाहे वह लड़का हो या लड़की—ईश्वर के उपहार के रूप में स्वीकार करने का संदेश देता है। उन्होंने समाज से बच्चों की अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रभु यीशु के वचनों को स्मरण करते हुए कहा— “जो कुछ भी तुम मेरे भाइयों में से सबसे छोटे के लिए करते हो, वह मेरे लिए करते हो।” इसी भावना के साथ शैक्षिक, स्वास्थ्य देखभाल, धर्मार्थ एवं सामाजिक कल्याण गतिविधियों को देखा जाना चाहिए। दूसरों की सेवा में मसीह को देखना और उनकी देखभाल करना ईसाई समुदाय की मूल भावना है। अंत में उन्होंने कहा कि ईश्वर के पुत्र प्रभु यीशु का मनुष्य रूप में जन्म हम सभी के लिए आशीर्वाद का प्रतीक है और यह पर्व प्रेम, सेवा व करुणा का संदेश देता ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *