रितिक सोनगरा रिपोर्ट
उज्जैन जनपद पंचायत महिदपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत झारड़ा में संचालित जय श्री कृष्णा गौशाला समिति की शासकीय गोचर भूमि पर वर्षों से अतिक्रमण होने का मामला सामने आया है। गौशाला समिति ने इस संबंध में पूर्व में तहसीलदार, एसडीएम एवं कलेक्टर को आवेदन दिए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। गौशाला समिति के अनुसार ग्राम पंचायत झारड़ा में लगभग दो वर्षों से गौशाला का संचालन किया जा रहा है, जहां करीब 200 गायों की सेवा की जा रही है। समिति को अब तक किसी प्रकार का शासकीय अनुदान प्राप्त नहीं हुआ है, जिसके कारण गौशाला संचालन में लगभग 15 लाख रुपये का कर्ज हो चुका है। इसके बावजूद समिति निरंतर गायों की सेवा में जुटी हुई है।
समिति ने बताया कि गौशाला के पास लगभग 100 बीघा शासकीय गोचर भूमि है, जिस पर गांव के कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण कर रखा गया है। अतिक्रमण के कारण न केवल गौशाला के विस्तार में बाधा आ रही है, बल्कि गोवंश के संरक्षण और चारे की व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। गौशाला समिति ने माननीय मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश से निवेदन किया है कि शासकीय गोचर भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को प्रदान किए जाएं, ताकि गौशाला का सुचारू संचालन हो सके और गोवंश संरक्षण का कार्य प्रभावी रूप से किया जा सके।

