Headlines

कनासिया मंडल के ग्राम गोलवा में “मन की बात” कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित कार्यकर्ताओं ने सुना प्रधानमंत्री का संबोधन

उज्जैन।कनासिया मंडल के ग्राम गोलवा में आज “मन की बात” कार्यक्रम का आयोजन बड़े उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं, आशीर्वाद दाताओं एवं युवा साथियों ने सामूहिक रूप से “मन की बात” कार्यक्रम को सुना।
इस दौरान देश के प्रधानमंत्री Narendra Modi के संबोधन को सभी ने ध्यानपूर्वक सुना। प्रधानमंत्री द्वारा देश के विकास, आत्मनिर्भरता, स्वच्छता, युवाओं की भागीदारी, किसानों के उत्थान तथा समाज सेवा से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए गए, जिन्हें उपस्थित सभी लोगों ने प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के बताए मार्ग पर चलने तथा देश की उन्नति में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।
मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र डोन ने बताया कि कनासिया मंडल में “मन की बात” कार्यक्रम को लेकर सभी कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह रहा। मंडल के 100 प्रतिशत बूथों पर कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों द्वारा “मन की बात” कार्यक्रम सुना गया तथा संगठन एप पर भी इसकी जानकारी अपलोड की गई। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं, आशीर्वाद दाताओं एवं युवा साथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के पश्चात मंडल महामंत्री सचिन सरदार एवं मंडल उपाध्यक्ष विनोद पटेल का जन्मदिन भी सभी कार्यकर्ताओं द्वारा बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर केक काटकर सभी ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य, स्वस्थ जीवन और लंबी आयु की कामना की। साथ ही बाबा महाकाल से प्रार्थना की गई कि उनका आशीर्वाद दोनों पर सदैव बना रहे।
अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने, समाज सेवा करने और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया। आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *