उज्जैन।मां नर्मदा जयंती के पावन अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर, उज्जैन परिसर स्थित पवित्र कोटितीर्थ कुण्ड पर पुजारी परिवार द्वारा भव्य पूजन एवं आरती का आयोजन श्रद्धा एवं परंपरानुसार किया गया। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मां नर्मदा जी की विशेष पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। पुजारी श्री बाला गुरुजी ने विधिविधान से मां नर्मदा का पूजन कर उन्हें चुनरी अर्पित की तथा दीप प्रज्वलन कर भव्य आरती संपन्न कराई। पूजन-आरती में पुजारी दिनेश गुरुजी, भूषण गुरुजी, सुभाष गुरुजी ने भी सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर मंदिर अधिकारी मुलचंद जूनवाल, आर.के. तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा की महिमा का स्मरण करते हुए मंगल कामना की।
धार्मिक आयोजन के दौरान महंत जस्सू गुरुजी एवं उनकी टीम द्वारा सुंदरकांड का भावपूर्ण पाठ किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिरस में डूब गया। सुंदरकांड पाठ के उपरांत मां नर्मदा की महाआरती की गई।
पूजन-आरती के पश्चात उपस्थित भक्तजनों को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।


