Headlines

लटेरी में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 432 मरीजों ने उठाया लाभ

लटेरी संवाददाता अजय भंडारी

लटेरी नगर में न्यू बस स्टैंड स्थित राज हॉस्पिटल में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 432 मरीजों ने विभिन्न रोगों की जांच एवं उपचार का लाभ लिया। शिविर में हृदय रोग, महिला रोग एवं नेत्र रोग से संबंधित विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को बड़ी राहत मिली।

शिविर के दौरान गुना स्थित  नेत्र चिकित्सालय के सहयोग से नेत्र परीक्षण किया गया। जांच के दौरान मोतियाबिंद से ग्रसित मरीजों को चिन्हित कर निःशुल्क परिवहन सुविधा के माध्यम से गुना भेजा गया। मोतियाबिंद के मरीजों को जांच, ऑपरेशन, लेंस, दवाइयां तथा चश्मे की जांच जैसी सभी सुविधाएं पूर्णतः निःशुल्क प्रदान की गईं।

शिविर में महिलाओं की विशेष जांच की गई, वहीं हृदय रोग से पीड़ित मरीजों का भी उपचार किया गया। इस अवसर पर हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. जिसी गोस्वामी (एमबीबीएस), महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. नाज़िया सुल्तान (बीएचएमएस) तथा नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय शर्मा (ऑप्टोमेट्रिस्ट) उपस्थित रहे।

राज हॉस्पिटल के संचालक डॉ. आमिर सरकार ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में आंखों की जांच के साथ-साथ एक्स-रे, ईसीजी, बीपी एवं शुगर जांच भी निःशुल्क की गई। इसके अलावा मरीजों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड से जुड़ी जानकारी भी दी गई।

उन्होंने यह भी बताया कि राज डे केयर सेंटर में अब प्रतिदिन महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. नाज़िया सुल्तान सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक उपस्थित रहकर महिलाओं का उपचार बिना किसी शुल्क के करेंगी। शिविर के सफल आयोजन से क्षेत्रवासियों में संतोष और प्रसन्नता देखी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *