उज्जैन थाना इंगोरिया क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है जहां मजदूर वर्ग के एक व्यक्ति ने पुलिस पर पक्षपात और लापरवाही के आरोप लगाए हैं। ग्राम सुवासा निवासी बाबूलाल पिता स्व. श्री मांगीलाल ने जनसुनवाई में जिला कलेक्टर उज्जैन को आवेदन सौंपकर न्याय की मांग की है।
पीड़ित बाबूलाल के अनुसार 19 मई 2025 को उसके पड़ोसियों सुरेश पिता रामजी, अंकित पिता जितेंद्र एवं अभिलेश पिता जितेंद्र ने घर के सामने उसके साथ गाली-गलौज कर बेरहमी से मारपीट की। घटना में बाबूलाल को हाथ, पैर व पीठ में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे शासकीय अस्पताल इंगोरिया में उपचार कराना पड़ा। मेडिकल रिपोर्ट में चोटों की पुष्टि भी हुई है।
पीड़ित का आरोप है कि थाना इंगोरिया पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के बजाय केवल एनसीआर दर्ज कर मामले को दबाने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, पीड़ित की शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जबकि उसके पास चिकित्सकीय प्रमाण मौजूद हैं।
मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाला बाबूलाल अब न्याय के लिए प्रशासन के दरवाजे खटखटा रहा है। उसने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हो तथा आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए जाएं।
मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर पीड़ित को न्याय कब मिलेगा और प्रशासन इस पूरे प्रकरण पर क्या कदम उठाता है।

