भोपाल: मध्य प्रदेश सरकार ने यूट्यूबर्स पर नकेल कसने की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने डीजीपी कैलाश मकवाना को ऐसे यूट्यूबर्स के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए फ्री हैंड दिया है जो तथ्यों से उलट सरकार और सरकार के विभागों, अधिकारियों और आमजन को परेशान कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने डीजीपी को निर्देश देते हुए कहा कि जैसे पूर्व आईपीएस अधिकारी जी जनार्दन ने कार्रवाई की थी, ठीक वैसी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे यूट्यूब चैनल के कर्ताधर्ताओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी जो सरकार और आमजन को परेशान कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने सड़क हादसों में होने वाली मौतों पर भी चिंता जताई और निर्देश दिए कि सड़क हादसों को कम करने के लिए केंद्र के निर्देशों की कड़ाई से पालन की जाए। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभार के क्षेत्र में आकस्मिक निरीक्षण जैसे गतिविधियां तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए।

