नागदा (उज्जैन)। नागदा–उज्जैन–जावरा बायपास पर संचालित एक स्पा सेंटर पर मंडी पुलिस ने शनिवार रात करीब 7:30 बजे दबिश दी। स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियों की शिकायतें लगातार मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। इससे पूर्व भी मंडी पुलिस द्वारा जांच कर संचालक को चेतावनी दी जा चुकी थी, बावजूद इसके शिकायतें पुनः सामने आ रही थीं, जिससे क्षेत्र की शांति भंग होने की आशंका बनी हुई थी। दबिश के दौरान स्पा सेंटर के भीतर एक युवती एवं एक कर्मचारी मौजूद पाया गया, जबकि संचालक मौके पर अनुपस्थित था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि सेंटर के रजिस्टर में प्रतिदिन मात्र 2 से 3 उपभोक्ताओं के नाम ही दर्ज थे, जबकि स्थानीय लोगों के अनुसार यहां आने-जाने वालों की संख्या इससे कहीं अधिक रहती है मंडी पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका के मद्देनज़र मौके पर मौजूद कर्मचारी को थाने लाकर पूछताछ की। पुलिस द्वारा कर्मचारी खान के विरुद्ध धारा 181 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्पा सेंटर में संदिग्ध व्यक्तियों का भी आना-जाना बना रहता है। ऐसे में केवल रजिस्टर की जांच के साथ-साथ सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जानी चाहिए, ताकि प्रतिदिन आने वाले लोगों एवं गतिविधियों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
बायपास पर संचालित स्पा सेंटर पर पुलिस की रेड, मालिक अनुपस्थित, कर्मचारी पर दर्ज हुआ प्रकरण

