Headlines

मंदसौर में ‘ज़हर’ बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश: सोयाबीन तेल और केमिकल से बन रहा था नकली घी।

मंदसौर में रात को 30 लीटर नकली घी जब्त:दो लीटर नकली शहद भी मिली; सोयाबीन तेल, केमिकल से बनाते थे..
मध्यप्रदेश के मंदसौर शहर में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात अभिनंदन नगर स्थित कर्मचारी कॉलोनी क्षेत्र में संचालित नकली घी बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश किया और मौके से लगभग 25 से 30 लीटर नकली घी और करीब दो लीटर नकली शहद जब्त किया गया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अभिनंदन नगर क्षेत्र में नकली घी बनाने का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और रात करीब साढ़े 12 बजे सीएसपी जितेंद्र कुमार भास्कर, सिटी कोतवाली टीआई पुष्पेंद्र सिंह राठौर तथा नई आबादी टीआई कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल और फूड सेफ्टी टीम ने मौके पर दबिश दी। बताया जा रहा है कि जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, उस समय आरोपी नकली घी तैयार करने की प्रक्रिया में लगे हुए थे। सोयाबीन तेल और केमिकल से बन रहा था नकली घी प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी डालडा और सोयाबीन तेल को गर्म कर उसमें केमिकल और आर्टिफिशियल देसी घी फ्रेगरेंस मिलाकर नकली घी तैयार कर रहे थे। यह घी देखने और खुशबू में देसी घी जैसा प्रतीत हो, इसके लिए विशेष रसायन का उपयोग किया जा रहा था। मौके से नकली घी बनाने में उपयोग होने वाला सोयाबीन तेल, केमिकल, बर्तन, गैस सिलेंडर, चूल्हा और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने डेढ़ से दो लीटर नकली शहद भी बरामद किया है। फूड सेफ्टी टीम ने जब्त घी और शहद के सैंपल लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी। 4 से 6 मोबाइल और 2 से 3 मोटरसाइकिल जब्त दबिश के दौरान पुलिस ने 4 से 6 मोबाइल फोन और 2 से 3 मोटरसाइकिलें भी जब्ती में ली हैं। तलाशी के दौरान कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं भी मिली हैं, जो संभवतः चोरी की हो सकती हैं। इस संबंध में पुलिस जांच कर रही है। मौके से पुलिस ने नानू पिता वज्जु बागरी, बंशी पिता राजेश बागरी और करण पिता गोरिया बागरी को गिरफ्तार किया है। तीनों कर्मचारी कॉलोनी, अभिनंदन नगर (मंदसौर) के निवासी हैं और आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। यही लोग इस नकली घी फैक्ट्री का संचालन कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीण क्षेत्रों में 500 से 1000 रुपए किलो बेचते थे नकली घी जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी रोजाना ग्रामीण इलाकों में जाकर 500 से 1000 रुपए प्रति किलो की दर से नकली घी बेचते थे। इस तरह वे लोगों को धोखा देकर स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *