आयुक्त ने किया रिमूवल स्थल का निरीक्षण
इंदौर ।आयुक्त श्री दिलीप कुमार यादव के निर्देशानुसार नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख यातायात मार्ग ए.बी. रोड बिजलपुर से झोन क्रमांक 13 अंतर्गत ट्रेजर टाउन होते हुए क्रिस्टल अपार्टमेंट तक मास्टर प्लान के अंतर्गत प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण कार्य में बाधक बन रहे अवैध अतिक्रमणों के विरुद्ध रिमूवल कार्रवाई की गई। उक्त मार्ग मास्टर प्लान के अनुसार 30 मीटर चौड़ाई एवं लगभग 1.5 किलोमीटर लंबाई का है। सड़क चौड़ीकरण कार्य को सुचारू रूप से पूर्ण करने के उद्देश्य से इस मार्ग पर स्थित 35 से अधिक अवैध अतिक्रमणों को हटाने हेतु नगर निगम द्वारा 3 जेसीबी एवं 3 पोकलेन मशीनों के माध्यम से रिमूवल कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई से सड़क विकास कार्य में आ रही प्रमुख बाधाओं को दूर किया गया।
रिमूवल कार्रवाई के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री दिलीप कुमार यादव स्वयं मौके पर उपस्थित रहे एवं रिमूवल स्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय रहवासियों द्वारा आयुक्त श्री यादव से निवेदन किया गया कि उनके मकानों के निचले हिस्से पर की गई रिमूवल कार्रवाई के पश्चात, वे आगामी पाँच दिवस के भीतर अपने मकानों के ऊपरी शेष बाधक हिस्सों को स्वयं हटाने हेतु समय चाहते हैं। रहवासियों द्वारा इस संबंध में लिखित आवेदन भी प्रस्तुत किया गया। मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए आयुक्त द्वारा निर्धारित समयावधि में स्वयं शेष अवैध निर्माण हटाने की अनुमति प्रदान की गई। इस रिमूवल कार्रवाई के दौरान अपर आयुक्त श्री रोहित सिसोनिया, रिमूवल प्रभारी श्री अंकेश बिरधरे, भवन अधिकारी श्री आनंद रैदास, भवन निरीक्षक श्री पीयूष गुप्ता, सहायक रिमूवल अधिकारी श्री बबलु कल्याणे सहित बड़ी संख्या में रिमूवल स्टाफ एवं नगर निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


