उज्जैन जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत करने तथा हफ्ता वसूली व भय दिखाकर अवैध धन उगाही करने वाले असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से उज्जैन पुलिस द्वारा निरंतर विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर गुरु प्रसाद पाराशर व नगर पुलिस अधीक्षक माधवनगर श्रीमती दीपिका शिंदे के मार्गदर्शन में थाना देवास गेट पुलिस द्वारा कड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हफ्ता वसूली व मारपीट के मामले में 7 माह से फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है । दिनांक 19.05.2025 को फरियादी महेंद्र वैश्य निवासी मालीपुरा, उज्जैन द्वारा थाना देवासगेट पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 19.05.2025 को रात्रि लगभग 02:00 बजे आरोपी *विशाल उर्फ शीला पिता महेश मकवाना, उम्र 28 वर्ष, निवासी मालीपुरा उज्जैन द्वारा शराब पीने के लिए रुपये की मांग की गई। रुपये देने से मना करने पर आरोपी द्वारा फरियादी के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की गई तथा कैंची से फरियादी पर हमला किया गया, जिससे फरियादी के बाएं हाथ (बाजू) में गंभीर चोट आई एवं अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। झूमाझटकी के दौरान फरियादी को अन्य साधारण चोटें भी आईं।
बीच-बचाव करने पर आरोपी द्वारा फरियादी को जान से मारने की धमकी दी गई। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना देवासगेट में आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। उक्त प्रकरण गंभीर मारपीट एवं अवैध रूप से रुपये (हफ्ता) मांगने से संबंधित होने के कारण थाना प्रभारी देवासगेट निरीक्षक अनिला कैथवास द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी हेतु घटनास्थल, उसके निवास एवं अन्य संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी गई, किंतु आरोपी गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से बार-बार अपने ठिकाने बदलता रहा। आज दिनांक 27.12.2025 को विश्वसनीय मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए थाना देवासगेट पुलिस टीम द्वारा थाना चिमनगंज क्षेत्र में दबिश देकर प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी विशाल उर्फ शीला पिता महेश मकवाना, उम्र 28 वर्ष, निवासी मालीपुरा उज्जैन को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रकरण की विवेचना संबंधी आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कर आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जावेगा।
उज्जैन पुलिस द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस द्वारा सख्त एवं निरंतर कार्यवाही की जा रही है।
अवैध हफ्ता वसूली व मारपीट के मामले में देवासगेट पुलिस की कड़ी कार्यवाही ।

