ग्यारसपुर क्षेत्र के मनोरा माध्यमिक शाला परिसर में एक कथित झोलाछाप डॉक्टर डॉ. कमल सिंह कुशवाहा को लेकर विद्यालय के शिक्षकों ने गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। शिक्षकों का आरोप है कि उक्त व्यक्ति विद्यालय परिसर में बाथरूम के बहाने प्रवेश करता है और आए दिन विद्यालय में अध्ययनरत नाबालिग बच्चों की फोटो व वीडियो बनाता रहता है।
शिक्षकों के अनुसार, इन वीडियो और फोटो का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं झूठे वीडियो वायरल किए जाते हैं, जिससे विद्यालय की छवि धूमिल हो रही है और शिक्षकों को मानसिक रूप से परेशान होना पड़ रहा है। शिक्षकों ने यह भी आरोप लगाया कि इस प्रकार की गतिविधियों से विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था बाधित हो रही है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित व्यक्ति कथित रूप से अखबारों में विज्ञापन देने और अखबार खरीदने के बहाने पत्रकारों को विद्यालय गेट पर एकत्र करता है, जिनमें कुछ स्थानीय लोगों के नाम भी शिक्षकों द्वारा बताए गए हैं। इससे विद्यालय के वातावरण में अनावश्यक दबाव और अव्यवस्था उत्पन्न होती है।
एक शिक्षक ने आरोप लगाया कि उक्त व्यक्ति ने एक बार विद्यालय से कंप्यूटर सेट की मांग की थी, मांग पूरी न होने पर बदले की भावना से वीडियो बनाकर परेशान किया गया। शिक्षकों ने यह भी कहा कि संबंधित व्यक्ति विद्यालय परिसर में घूमते हुए छात्राओं एवं महिला शिक्षकों को गलत दृष्टि से देखता है, जिससे असुरक्षा का माहौल बन रहा है।
शिक्षकों ने एसडीएम ग्यारसपुर एवं थाना प्रभारी ग्यारसपुर को लिखित शिकायत देकर मांग की है कि उक्त व्यक्ति की शैक्षणिक व चिकित्सकीय डिग्री की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। शिक्षकों ने प्रशासन से विद्यालय परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की है।

