Headlines

पीपलधार पीएम श्री स्कूल में शुरू होगी कृषि विषय की पढ़ाई, नए सत्र से मिलेगा प्रवेश

विदिशा। (राजकुमार प्रजापति) मध्य प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026 को “कृषि कल्याण वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है। इसी के तहत कृषि शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश के विभिन्न उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में कृषि विषय शुरू किया जा रहा है। इसी क्रम में नटेरन तहसील के अंतर्गत आने वाले पीपलधार पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कृषि विषय की पढ़ाई प्रारंभ होगी।

अब विद्यार्थी इसी शैक्षणिक सत्र से पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पीपलधार में कृषि विषय में प्रवेश लेकर अध्ययन कर सकेंगे। इससे क्षेत्र के ग्रामीण विद्यार्थियों को कृषि शिक्षा के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।

इस विषय पर डॉ. पुष्पेंद्र सिंह यादव, वैज्ञानिक, कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर ने बताया कि शहरों के अधिकांश विद्यार्थी मेडिकल और इंजीनियरिंग की ओर रुख करते हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र कृषि क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 10-15 वर्षों में देश ने कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, लेकिन आज भी ग्रामीण इलाकों में किसानों को कृषि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए विशेषज्ञ सलाह आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाती।

उन्होंने कहा कि पीपलधार में कृषि विषय शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण कृषि शिक्षा मिलेगी और भविष्य में स्थानीय किसानों को भी प्रशिक्षित कृषि विशेषज्ञों का लाभ मिलेगा। साथ ही कृषि क्षेत्र में सरकारी नौकरियों, अनुसंधान, एग्री-बिजनेस, एग्री-स्टार्टअप, कृषि परामर्श और आधुनिक खेती जैसे क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।

क्षेत्र के विद्यार्थियों और अभिभावकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे ग्रामीण शिक्षा और कृषि विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *