नेशनल डेस्क. कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के भारतीय सेना पर दिए गए बयान पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पलटवार किया। राजनाथ सिंह ने कांग्रेस को फटकार लगाते हुए कहा कि सेना को राजनीति में न घसीटें। सेना का एक ही धर्म होता है, वो सैन्य धर्म है। उसे भी कांग्रेस जाति में बांटने की कोशिश कर रही है। रक्षा मंत्री बुधवार को बिहार के बांका में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
राजनाथ सिंह ने कहा- आरक्षण के पक्ष में हम भी हैं। हमारी पार्टी भी है, आरक्षण दिया भी है। लेकिन सेना को जाति और धर्म से जोड़कर राजनीति में घसीटना अच्छा नहीं है, ऐसा मत करें। जब देश पर संकट आया है, तो सेना के जवानों ने अपने सौर्य और पराक्रम का परिचय देकर भारत का मस्तक ऊंचा किया है।
देश के 10% लोग भारतीय सेना को चला रहे- राहुल गांधी
दरअसल, 4 नवंबर को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार को बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुम्बा में चुनावी रैली के दौरान बयान दिया। उन्होंने कहा था कि देश के 10% लोग भारतीय सेना को चला रहे हैं। साथ ही उन्होंने बड़ी कंपनियों में सवर्ण जातियों के लोगों की संख्या ज्यादा होने की बात भी कही।
कांग्रेस नेता ने कहा कि देश की 90% आबादी समाज के सबसे पिछड़े तबके से है, इसके बावजूद रोजगार में उनकी भागीदारी कम है। बिहार में 6 नवंबर से विधानसभा चुनाव होने वाला है। ऐसे में राहुल गांधी के इस बयान पर विवाद शुरू हो गया है।
‘90% लोग समाज के सबसे पिछड़े तबके से आते’
राहुल गांधी ने कहा था कि देश में 90% लोग समाज के सबसे पिछड़े और आदिवासी तबके से आते हैं। इनमें दलित, महादलित, बैकवर्ड, एक्सट्रिम बैकवर्ड या माइनॉरिटिज कम्युनिटी शामिल हैं। अगर आप भारत की 500 सबसे बड़ी कंपनियों की लिस्ट देखेंगे, तो उनमें पिछड़े या दलित कम्युनिटी का कोई भी शख्स नहीं मिलेगा। इन सेक्टरों में सिर्फ 10% पॉपुलेशन से लोग आते हैं। बाकि 90% पॉपुलेशन आपको कहीं नहीं दिखेंगे।
